महाराष्ट्र की लाडकी बहीण योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को फरवरी 2025 में ₹1500 की आठवीं किस्त मिलने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार 15 फरवरी 2025 तक यह किस्त बैंक खातों में जमा कर सकती है।
लाडकी बहीण योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने ₹1500 की सहायता दी जाती है। अब तक जुलाई 2024 से लेकर जनवरी 2025 तक सात किस्तों में कुल ₹10,500 का भुगतान किया जा चुका है।
किस्त पाने के लिए जरूरी शर्तें
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सही दस्तावेज और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सेवा सक्रिय रखने वाली महिलाओं को ही यह किस्त दी जाएगी। जिन महिलाओं के DBT सेवाएं निष्क्रिय हैं या जिनके दस्तावेज में त्रुटियां हैं, उन्हें यह भुगतान नहीं मिलेगा।
5 लाख महिलाओं को योजना से हटाया गया
महाराष्ट्र सरकार ने लाभार्थियों की पात्रता की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना से करीब 5 लाख महिलाओं को बाहर कर दिया है। इस निर्णय की जानकारी महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की।
इनमें 2.3 लाख महिलाएं ऐसी हैं जो पहले से ही संजय गांधी निराधार योजना का लाभ ले रही थीं। इसके अलावा, 1.1 लाख महिलाएं 65 वर्ष से अधिक उम्र की हैं और 1.6 लाख महिलाएं ऐसी हैं जिनके परिवार के पास चार पहिया वाहन हैं या जो नमो शक्ति योजना का लाभ उठा रही हैं। सरकार ने यह कार्रवाई यह सुनिश्चित करने के लिए की है कि केवल योग्य महिलाएं ही योजना का लाभ लें।